दुर्ग में केंद्रीय गोड़ महासभा करेगी भाजपा विधायकों का सम्मान कार्यक्रम में लड्डुओं को तौला जाएगा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को; 11 फरवरी को कार्यक्रम
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के गोंडवाना भवन में 11 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत दुर्ग जिले के सभी भाजपा विधायकों का सम्मान किया जाएगा। ये सम्मान समारोह केंद्रीय गोड़ महासभा धमधागढ़ आयोजित करने जा रही है। महासभा के पदाधिकारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लड्डुओं से तौलकर और आदिवासी हथियार देकर उनका सम्मान किया जाएगा।
केंद्रीय गोड़ महासभा धमधागढ़ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके समाज में राजा नरेश चंद्र ही ऐसे आदिवासी नेता थे, जिन्हें अविभाजित मध्य प्रदेश का 13 दिन के लिए मुख्यमंत्री बनाया गया था। इसके बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि आदिवासी राज्य छत्तीसगढ़ में इस समाज से विष्णुदेव साय को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया है। इससे आदिवासी समाज काफी गर्व महसूस कर रहा है।







यही कारण है कि उन्होंने उनके सम्मान का कार्यक्रम रखा है। यह कार्यक्रम 11 फरवरी को सिविल लाइन दुर्ग स्थित गोंडवाना भवन में रखा गया है। यहां बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। एमडी ठाकुर ने कहा कि यह पहली बार होगा, जब इतने बड़े स्तर पर विधायकों का सम्मान कार्यक्रम रखा गया है।
कार्यक्रम को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। 10 हजार से अधिक संख्या में लोगों के आने की बात कही जा रही है। उनके नाश्ते-पानी से लेकर दूसरी व्यवस्था की जा रही है। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम करेंगे।
कांग्रेस विधायकों का सम्मान करने से किया मना




एमडी ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम में दुर्ग जिले के विधायक रिकेश सेन, ललित चंद्राकर, भूपेंद्र यादव और ईश्वर साहू का सम्मान किया जाएगा। भिलाई नगर और पाटन के विधायक का सम्मान करने की बात पर उन्होंने कहा कि वो कांग्रेस विधायकों का सम्मान नहीं करेंगे। कांग्रेस सरकार ने आदिवासी समाज को कोई सम्मान नहीं दिया।




