Uncategorized

CG में गर्लफ्रेंड को पार्क बुलाकर गले में चाकू घोंपा:अफेयर के शक में हत्या, पर्चा छोड़कर जिम्मेदारी ली; सुसाइड से पहले पकड़ा गया

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बॉयफ्रेंड ने दूसरे अफेयर के शक में अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। आरोपी रितेश राजवाड़े ने राधिका राजवाड़े (19) को कॉल कर नेहरू पार्क मिलने बुलाया और उसके गले में चाकू घोंपा, जो आर-पार हो गया।

गंभीर रूप से घायल राधिका कुछ दूर तक दौड़ी, फिर गिर पड़ी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मरने से पहले उसने लिखकर आरोपी का नाम बताया था।

वारदात के बाद रितेश ने पार्क में पर्चा छोड़कर हत्या की जिम्मेदारी ली और आत्महत्या करने रेलवे ट्रैक पहुंच गया, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध और दूसरे अफेयर के शक में हत्या की बात सामने आई है।

दरअसल, राधिका राजवाड़े रविवार शाम करीब 8 बजे नेहरू पार्क में थी। इस दौरान उसके पास बाइक सवार युवक पहुंचा और उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू गले के आर-पार हो गया। इसके बाद आरोपी चाकू निकालकर बाइक से मौके से फरार हो गया था।

हमले के बाद गंभीर रूप से घायल राधिका बचने के लिए दौड़ी, लेकिन कुछ दूर जाकर खून से लथपथ हालत में गिर पड़ी। पार्क में मौजूद लोगों ने उसे फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

गंभीर हालत में रेफर किया गया

जिला अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद राधिका की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। गले पर गंभीर चोट लगने के कारण वह बोल नहीं पा रही थी। पुलिस ने उससे पूछताछ की कोशिश की, लेकिन वह कुछ बता नहीं सकी।

मरने से पहले लिखा आरोपी का नाम

राधिका ने इशारे से कागज और पेन मांगा। मरने से पहले उसने आरोपी का नाम लिखकर बताया था। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 10:30 बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उसके रिश्तेदार अंबिकापुर पहुंच गए।

CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान

घटना के बाद सूरजपुर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन प्रत्यक्षदर्शी हमलावर की स्पष्ट पहचान नहीं कर सके। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बाइक सवार आरोपी की पहचान की और रेलवे ट्रैक के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।

…………………

Related Articles

Back to top button