Uncategorized

रायपुर राजीव भवन घेराव के दौरान बवाल, पुलिस पर पथराव:बोतलें फेंकीं, सिर फूटे, हाथ-पैर में चोटें आईं, 16 पुलिसकर्मी घायल, 12 कांग्रेसियों पर FIR

By Dinesh chourasiya

रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल के बाद पुलिस ने कांग्रेस के 12 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया।

साथ ही कांच की बोतलें, लकड़ी और जूते भी फेंके। जिससे 16 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घायल हो गए। खम्हारडीह थाना प्रभारी की शिकायत पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, देर रात रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना।

प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी के कान के पास चोट आई है।

पथराव से पुलिसकर्मी के सिर और हाथ में चोट आई है।

राजीव भवन के बाहर प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोका

थाना प्रभारी भावेश कुमार गौतम के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में भाजयुमो के राजीव भवन घेराव कार्यक्रम को देखते हुए खम्हारडीह थाना, रक्षित केंद्र और अन्य थानों का पुलिस बल तैनात किया गया था।

इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग तक पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन वे पुलिस से धक्का-मुक्की करने लगे।

पुलिस कमिश्न डॉ. संजीव शुक्ला घायल पुलिसकर्मियों को देखने देर रात पहुंचे अस्पताल।

पुलिस पर पथराव, 16 पुलिसकर्मी घायल

भावेश कुमार गौतम ने बताया कि इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी और जूते फेंके। इस घटना में पीएसआई देवराज सिंह के सिर में चोट लगी, महिला आरक्षक सीमा बंजारे समेत अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया।

इन कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी समेत अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बता दें कि मंगलवार रात राहुल गांधी के समर्थन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके अगले दिन, बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले थे।

प्रदर्शन के दौरान पथराव और कांच फेंकने से पुलिसकर्मी के पैर में चोट आई है।
जवान के घुटने पर चोट के निशान ।
पुलिसकर्मी के दाहिने पैर में चोट लगी है।
इनके हाथ में चोट आई है, घायल पुलिसकर्मी की ड्रेसिंग की गई है।

Related Articles

Back to top button