Uncategorized

भिलाई में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, 2 की मौत आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

By Dinesh chourasiya

भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भिलाई नगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू रोड पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

पेड़ से टकराने के बाद कार बुरी तरह डैमेज हो गई।

दोनों कार सवारों की मौके पर मौत

हादसे में दीपक गुप्ता (23) और कौशिक दास (15) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भिलाई के सेक्टर-6 के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था।

कार कौन चला रहा था, जांच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्राइविंग सीट पर कौन था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे की एक संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Related Articles

Back to top button