
अभिनेता सैफ अली खान पर घर में घुसकर हमला 6 जगह लगा चाकू :रीढ़ की हड्डी में फंसा चाकू का टुकड़ा, सर्जरी हुई; पुलिस ने एक आरोपी की पहचान की
By Dinesh chourasiya
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया है। जानकारी के मुताबिक घटना सैफ के मुंबई के खार में बने अपार्टमेंट में बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे हुई। एक्टर को गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगह चाकू लगा। घटना के बाद सैफ को रात 3 बजे लीलावती हॉस्पिटल लाया गया।
लीलावती अस्पताल के COO (चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर) डॉ. नीरज उत्तमानी ने बताया कि सैफ को 6 जगह चाकू मारा गया था। उनकी रीढ़ की हड्डी में चाकू का टुकड़ा फंसा था और फ्लूड भी लीक हो रहा था। सर्जरी करके चाकू निकाला गया है। उनके बाएं हाथ पर दो गहरे घाव थे और गर्दन भी गहरी चोट आई थी। इस सभी की प्लास्टिक सर्जरी की गई है। अभी उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।







मुंबई पुलिस के DCP गेदाम दीक्षित ने बताया कि एक हमलावर की पहचान कर ली गई है। पुलिस सैफ के घर से तीन लोगों को पूछताछ के लिए लेकर भी गई है। इधर, शुरुआती जांच के मुताबिक घर के अंदर मौजूद किसी शख्स ने ही हमलावर को घर में एंट्री दी थी। घर में कोई जबरदस्ती नहीं घुसा है। CCTV में भी कोई घर में दाखिल होता नजर नहीं आया है।
मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने इन्वेस्टिगेशन के लिए 15 टीमें बनाईं
बांद्रा पुलिस स्टेशन ने हमलावरों की तलाश के लिए 7 टीमें बनाई हैं। वहीं क्राइम ब्रांच ने भी केस के इन्वेस्टिगेशन के लिए 8 टीमें गठित कर दी हैं। क्राइम ब्रांच जांच के लिए सैफ के घर भी पहुंच चुकी है। यानी मुंबई पुलिस की कुल 15 टीमें इस केस से जुड़ी छानबीन में लगी हैं। एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक भी जांच टीम का हिस्सा हैं।




हमले को लेकर 2 थ्योरी, वजह साफ नहीं
- हमलावर चोरी की नीयत से घुसा: सैफ की टीम के ऑफिशियल बयान में बताया गया कि सैफ अली खान के घर पर चोरी की कोशिश की गई। हमले में सैफ के घर की एक मेड (काम करने वाली) अरियामा फिलिप उर्फ लीमा भी जख्मी हुई है। हम मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करते हैं कि वह ऐसी सिचुएशन में हमें सपोर्ट करें। यह पुलिस का मामला है। हम आपको अपडेट करते रहेंगे।
- घर में एक व्यक्ति घुसा, मेड से उसकी बहस हुई: डीसीपी गेदाम दीक्षित ने बताया कि सैफ अली खान खार के फॉर्च्यून हाईट्स में रहते हैं। कल देर रात एक व्यक्ति सैफ के घर में घुसा और मेड से बहस की। जब एक्टर ने उस व्यक्ति को शांत करने की कोशिश की तो उसने सैफ पर हमला किया और इस हमले में वे घायल हो गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना सैफ-करीना के बच्चों तैमूर-जहांगीर के कमरे की है। कमरे में उनकी हाउसकीपर अरियामा फिलिप उर्फ लीमा मौजूद थी, जिसे एक अज्ञात शख्स ने पकड़ लिया। उनकी चीखने की आवाज सुनकर सैफ बच्चों के कमरे में पहुंचे थे। सैफ को देखते ही अज्ञात शख्स ने उन पर हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान हाउसकीपर भी घायल हो गईं। उनका इलाज भी लीलावती अस्पताल में चल रहा है।
हमले की थ्योरीज से जुड़े 3 सवाल
- हाई सिक्योरिटी सोसाइटी में हमलावर कैसे घुसा? हमला करने के बाद शोर-शराबे के बीच वह भागने में कामयाब कैसे हुआ?
- मेड क्या रात में घर पर ही रुकती थी? हमलावर की उससे बहस क्यों हो रही थी?
- क्या हमलावर मेड का परिचित था? क्या उसी ने हमलावर को घर में एंट्री दी थी?
रात के वीडियो में घर के बाहर नजर आईं करीना
अपार्टमेंट के बाहर से देर रात का करीना कपूर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो स्टाफ से बात करते हुए घबराई नजर आ रही हैं। उनके साथ 3 फीमेल और 1 मेल स्टाफ था। करीना के पास एक ऑटो भी खड़ा हुआ है।
पिता से मिलने अस्पताल पहुंचे सारा-इब्राहिम
घटना की जानकारी मिलते ही सारा अली खान अपने भाई इब्राहिम के साथ लीलावती अस्पताल पहुंची। दोनों अस्पताल में दाखिल होते नजर आए। डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद भी अस्पताल पहुंचे।
जहां हमला हुआ, वह सैफ और करीना का नया घर
सैफ और करीना दोनों बेटों के साथ मुंबई के बांद्रा स्थित सतगुरु शरण अपार्टमेंट में रहते हैं। सैफ की दोस्त और फेमस इंटीरियर डिजाइनर दर्शिनी शाह ने इसे डिजाइन किया है। पुराने घर की तरह सैफ के नए घर में भी लाइब्रेरी, आर्ट वर्क, खूबसूरत छत और स्विमिंग पूल है। शाही लुक देने के लिए इस अपार्टमेंट को वाइट और ब्राउन कलर से सजाया गया है। बच्चों के लिए नर्सरी और एक थिएटर स्पेस भी है।
हमले से पहले करिश्मा ने करीना और सोनम कपूर के साथ पार्टी की
हमले से पहले करिश्मा कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें उन्होंने बहन करीना, दोस्त रिया और सोनम कपूर के साथ पार्टी और डिनर की जानकारी दी थी। करीना ने बहन करिश्मा की इस पोस्ट को री-पोस्ट किया था।




