CG में टैंकर-हाइवा में टक्कर आग में जिंदा जले ड्राइवर-हेल्पर 20 हजार लीटर भरा था पेट्रोल-डीजल, रायपुर से बलौदाबाजार जाते वक्त कोयला लोड़ हाइवा से टकराया
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शनिवार देर रात पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर कोयला लोड हाइवा से टकरा गया। हादसे के बाद टैंकर में आग लग गई। ड्राइवर और हेल्पर जिंदा जल गए। गाड़ियां भी जलकर राख हो गई हैं। मामला पलारी थाना क्षेत्र के गोंडा पुलिया मोड़ का है।
मिली जानकारी के मुताबिक मरने वालों में शिवरीनारायण निवासी ड्राइवर छेदी पटेल (58) और चांपा के उमरेली निवासी हेल्पर कान्हा वैष्णो (22) शामिल हैं। ये दोनों टैंकर के ड्राइवर और हेल्पर थे। गाड़ी से दोनों की हड्डियां बरामद हुईं।








जानकारी के अनुसार, टैंकर रायपुर के मंदिर हसौद डिपो से जांजगीर चांपा जा रहा था। टैंकर में 20 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल भरा हुआ था। शनिवार रात करीब 9 बजे पलारी पहुंचा, तो गोंडा पुलिया मोड़ पर सड़क किनारे खराब हाइवा खड़ी थी, जिससे टैंकर टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद टैंकर में आग लग गई।
तेजी से फैली आग, बाहर नहीं निकल सके ड्राइवर-हेल्पर
बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि, कुछ ही मिनटों में पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर के केबिन में फंसे ड्राइवर और हेल्पर बाहर नहीं निकल सके। आग के विकराल रूप और संभावित विस्फोट की आशंका के चलते कोई भी टैंकर के पास जाने की हिम्मत नहीं कर पाया।




आग बुझाने करनी पड़ी घंटों मशक्कत
सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने में करीब 3 घंटे का समय लगा। जब आग बुझाई गई, तब टैंकर के अंदर से ड्राइवर और हेल्पर की हड्डियां बरामद हुईं। वहीं, दमकल की 4 गाड़ियों ने 10 टैंकर पानी और 700 लीटर फोम की मदद से आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि, ट्रेलर खराब होने के बाद ड्राइवर ने मुख्य सड़क पर कोई संकेतक नहीं लगाया था, जिस कारण यह हादसा हुआ है। रात के अंधेरे में टैंकर ड्राइवर समझ नहीं पाया कि सामने कोई गाड़ी खड़ी है। हादसे में करीब 50 लाख का नुकसान हुआ है।

खराब हाइवा से हुआ हादसा
मामले में एसडीओपी निधि नाग का कहना है कि, यह हादसा खराब हाइवा की वजह से हुआ है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। जगह चिन्हिंत कर सुरक्षा नियमों को सख्त किया जाएगा।

10 साल पहले बस में लगी थी आग
- 10 साल पहले एक सवारी बस रायपुर से बलौदाबाजार जा रही थी, जिसमें 55 सवारी सवार थे। अचानक चलती बस में आग लग गई थी। राहगीरों ने देखकर गाड़ी रुकवाया। बस से सवारियों को नीचे उतारा गया, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी।
- 3 साल पहले रायगढ़ से रायपुर जा रहा ट्रेलर भी सड़क किनारे खराब खड़े वाहन से टकरा गया था, जिससे ट्रेलर ड्राइवर स्टीयरिंग में फंस गया। वहीं आग लगे से ड्राइवर जिंदा जल गया था। अब यह तीसरी घटना हुई है, जिसमें टैंकर ड्राइवर और हेल्पर जिंदा जल गए।
……………………………….




