भिलाई में भूपेश के बेटे चैतन्य बघेल से थाने में 4 घंटे पूछताछ:कहा-मैंने बयान दर्ज करा दिया; CSP बोले-आरोपी उनके करीबी थे, बेटे-बेटी का मोबाइल जब्त
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से गुरुवार दोपहर भिलाई थाने में करीब चार घंटे पूछताछ की गई। बंद कमरे में CSP छावनी हरीश पाटिल, थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने सवाल पूछे। पुलिस ने चैतन्य का मोबाइल जब्त कर लिया है।
चैतन्य ने कहा कि, उन्हें बयान देने के लिए पुलिस ने बुधवार रात 8 बजे नोटिस दिया था। वही दर्ज कराने के लिए आए थे। सवाल क्या पूछे गए? इसे पर चैतन्य ने कहा कि, मामला विवेचना में है। चैतन्य से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पूछताछ की गई।







पुलिस ने इसी मामले में बुधवार को बघेल की बेटी दीप्ति से भी पूछताछ के बाद उनका भी मोबाइल जब्त किया था। वहीं चैतन्य के थाने पहुंचने के बाद भूपेश के OSD रहे मनीष बंछोर, चरोदा मेयर निर्मल कोसरे सहित भूपेश बघेल के करीबी थाने पहुंचे थे।
पुलिस ने पूछे 20 सवाल

बताया जा रहा है कि चैतन्य से पूछताछ के दौरान पुलिस ने 20 सवाल पूछे थे। इनमें से कुछ के जवाब चैतन्य ने दिए और बाकी का जवाब देने से इनकार कर दिया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने चैतन्य और प्रोफेसर मामले में उनके संबंध? क्या आरोपी आपके दोस्त हैं? उन्हें कैसे जानते हैं? आरोपियों से क्या बातचीत हुई है?, जैसे सवाल पूछे गए हैं।




वहीं भिलाई-3 चरोदा के मेयर निर्मल कोसरे ने कहा कि, चैतन्य से क्या पूछताछ की गई है, वो तो पुलिस ही बताएगी। चैतन्य को बुलाया गया था, बयान देने के लिए। फिर सुबह वह स्वत: ही आए और पुलिस पूछताछ में सहयोग किया। उनके सवालों का जवाब दिया।
आरोपियों को रिमांड पर लेने के बाद हुई चैतन्य से पूछताछ
बताया जा रहा है कि चैतन्य बघेल से खूबचंद बघेल महाविद्यालय भिलाई-3 के सहायक प्रोफेसर विनोद शर्मा पर हुए जानलेवा हमले मामले में पूछताछ की गई है। बताया जा रहा है कि घायल प्रोफेसर रायपुर AIIMS में भर्ती हैं।
यह भी बात सामने आई है कि पुलिस ने प्रोफेसर मारपीट मामले में दो आरोपियों रोहन उपाध्याय को मुंबई और रोहित पांडेय को रीवा जेल से रिमांड पर लिया है। उनसे हुई पूछताछ के बाद ही चैतन्य को बुलाया गया था।
चैतन्य का करीबी था आरोपी प्रवीण शर्मा

CSP हरीश पाटिल ने बताया कि, इस केस में चैतन्य बघेल की संलिप्तता, आरोपियों की फरारी में उनकी भूमिका और तकनीकी जांच के लिए उनके मोबाइल को जब्त करने के लिए बुलाया गया था। प्राथमिक तौर पर उनका बयान लिया गया है। जब्त मोबाइल को FSL के पास जांच के लिए भेजा जाएगा।
पाटिल ने बताया कि, आरोपियों से उनके संबंधों को लेकर सवाल पूछे गए हैं। अभी तक इस केस में 5 आरोपियों को हम गिरफ्तार कर चुके हैं। प्रमुख 3 आरोपी अभी भी फरार हैं। आरोपियों से हुई पूछताछ के आधार पर चैतन्य को बुलाया गया था। आरोपी प्रवीण शर्मा चैतन्य के करीबियों में आते थे।




