
भिलाई में अमेरिका की एजेंसी ने स्पर्श हॉस्पिटल को दिया क्लिनिकल ट्रायल सेंटर का दर्जा, गंजापन रोकने की दवा के परीक्षण से शुरुआत
By Dinesh chourasiya
नई दवाइयों का मरीजों पर होने वाला असर जानने में अब भिलाई भी अहम भूमिका निभाएगा। ऐसी बीमारियां जिनमें मौजूदा दवाइयां कारगार साबित नहीं हो पा रही, उनमें रिसर्च के बाद तैयार की नई दवाइयों की प्रभावशीलता जानने भिलाई के स्पर्श मल्टीस्पेशिलिटी हॉस्पिटल को मध्यभारत का पहला क्लिनिकल ट्रायल सेंटर बनाया गया है।







अमेरिका की ड्रग परीक्षण एवं रेगुलेशन एजेंसी (एफडीए) मैप ने स्पर्श हॉस्पिटल का निरीक्षण करने के बाद क्लिनिकल ट्रायल सेंटरका सर्टिफिकेट दे दिया है। इस सेंटर में सामान्य मर्ज से लेकर लाइलाज बीमारियों से बचाव के लिए उपयोग में लाई जा रही नई दवाइयों पर रिसर्च होगी। यह सभी नई दवाइयां अमेरिकी ड्रग रेगुलेशन अथॉरिटी यानी एफडीए से लेकर भारतीय रेगुलेटरी तक तीन चरणों में पहले ही परखी जा चुकी हैं, जिनका अब मरीजों पर असर परखा जाएगा। स्पर्श प्रदेश में पहला संस्था होगा, जिसको क्लिनिकल ट्रायल के लिए चुना गया है। सभी सुविधा और एनएबीएच से मान्यता को परखने के बाद ही यह दर्जा दिया गया है।
अमेरिकी रेगुलेटरी अफेयर्स एंड क्वालिटी एस्योरेंस एजेंसी के डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि स्पर्श हॉस्पिटल को क्लिनिकल ट्रायल सेंटर बनाने का फैसला करने से पहले विभिन्न मापदंडों पर संस्था को परखा गया। हॉस्पिटल में क्लिनिकल ट्रायल की शुरुआत एंड्रोजेनिक एलोपेशिया यानी गंजेपन की बीमारी से होगी। ऐसे लोग जो कई तरह का एलोपेथी इलाज कर थक गए हैं, लेकिन उनके बाल झड़ने की समस्या में मौजूदा दवाइयां बेअसर हैं।
ऐसे मरीजों पर क्लिनिकल ट्रायल के जरिए इजाद की गई नई दवाइयों को आजमा सकेंगे। हॉस्पिटल में यह शुरुआत पहले चरण में कॉस्मेटिक से हो रही है, जिसके बाद सिकलिंग, डायलिसिल वाले मरीज, कैंसर, मल्टीऑर्गन फेलुअर के मरीजों को भी क्लिनिकल ट्रायल का लाभ मिल सकेगा।




नई दवाओं के क्लिनिकल ट्रायल में देश पीछे, भारत में 77 ट्रायल
हॉस्पिटल के एमडी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि नई दवाओं के क्लिनिकल ट्रायल के मामले में देश काफी पीछे है। बीते साल में जहां अमेरिका में 44 हजार दवाइयों का क्लिनिकल ट्रायल किया गया। वहीं भारत में सिर्फ 77 का ही ट्रायल हो पाया। स्पर्श में इस क्लिनिकल ट्रायल को लेकर जिला व राज्य स्तर पर ड्रग कंट्रोल बॉडी को जानकारी दी जाएगी। क्लिनिकल ट्रायल का हिस्सा बन रहे मरीजों की सेफ्टी प्रोफाइल का पूरा ध्यान रखते ही रिसर्च होगी।
मरीजों का होगा मुफ्त इलाज
हॉस्पिटल में क्लिनिकल ट्रायल टीम के प्रमुख डॉ. संजय गोयल ने बताया कि क्लिनिकल ट्रायल ऐसे मरीजों के लिए मुफ्त ट्रीटमेंट का विकल्प है, जो परंपरागत ट्रीटमेंट से ठीक नहीं हो रहे या वे नए ट्रीटमेंट का लाभ लेना चाहते हैं। इस बीच मरीजों के हितों को ध्यान में रखकर क्लिनिकल ट्रायल होंगे। यह ट्रायल अस्पताल में आने वाले सामान्य मरीजों पर नहीं होगा,बल्कि सिर्फ गंजेपन के इलाज की उम्मीद लेकर सेंटर पहुंचने वाले मरीज ही इसके शुरुआती चरण में हिस्सा बनेंगे। इसमें नई दवा का उपयोग कर मरीजों को फायदा दिलाया जाएगा। क्लिनिकल ट्रायल की रजामंदी देने वाले मरीजों को सभी तरह की सुविधाएं मिलेंगी।







