Uncategorized

CG में नेटवर्क के लिए पटरी पर बैठा बच्चा ट्रेन से कटा ईयरफोन लगाकर मोबाइल चला चला रहा  था 

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के कांकेर के भानुप्रतापपुर में मोबाइल नेटवर्क की तलाश में रेलवे ट्रैक पर बैठकर मोबाइल चला रहा 13 साल का लड़का पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। 18 अक्टूबर सुबह करीब 5 बजे गांव में मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने के कारण अमन अपने 4-5 दोस्तों के साथ बेहतर नेटवर्क की तलाश में दल्लीराजहरा-रावघाट रेललाइन पर बैठकर मोबाइल चला रहा था।

इसी दौरान अंतागढ़ से भानुप्रतापपुर होते हुए रायपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंच गई। लोको पायलट ने हॉर्न बजाया तो बाकी बच्चे वहां से भाग गए, लेकिन अमन के कान में ईयरफोन लगा था। इस वजह से अमन हॉर्न सुन नहीं सका और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंडरीपानी में रविवार रात मानसगान कार्यक्रम चल रहा था। अमन भी अपने दोस्तों के साथ कार्यक्रम देखने गया था। रात करीब 3 बजे तक उसे पंडाल में देखा गया था। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक की तरफ चला गया।

बताया जा रहा है कि गांव में मोबाइल नेटवर्क ठीक से नहीं मिल रहा था। ऐसे में बच्चे बेहतर नेटवर्क के लिए केंवटी-अंतागढ़ रेलवे ट्रैक पर बैठकर मोबाइल चलाने लगे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

हॉर्न सुनकर बाकी बच्चे भागे, अमन नहीं हट सका

इसी दौरान जब पैसेंजर ट्रेन ट्रैक से गुजर रही थी, तब लोको पायलट हिमांशु ने पटरी पर बैठे बच्चों को देखकर हॉर्न बजाया। हॉर्न सुनते ही बाकी बच्चे ट्रैक से हटकर भाग गए, लेकिन अमन ट्रेन की चपेट में आ गया।

अमन ईयरफोन लगाए हुए था, इस वजह से हॉर्न सुनाई नहीं दिया या वह समय पर उसे समझ नहीं पाया, ऐसी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

रात 3 बजे तक पंडाल में था अमन, सुबह मिली मौत की खबर

अमन के बड़े पिताजी संतोष कुलदीप ने बताया कि गांव में मानसगान का कार्यक्रम चल रहा था। उन्होंने रात करीब 3 बजे अमन को उसके दोस्तों के साथ पंडाल में देखा था। इसके बाद वह भोजन व्यवस्था की देखरेख में लग गए थे। सुबह हादसे की जानकारी मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे।

संतोष कुलदीप के मुताबिक, गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर अमन का शव पड़ा था। ट्रेन की चपेट में आने से उसके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं।

उन्होंने बताया कि अमन अपने दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और हादसा किस तरह हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि अमन के साथ मौजूद दोस्तों के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

परिवार का इकलौता बेटा था अमन

13 साल के अमन की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय ट्रैक पर कितने बच्चे मौजूद थे और किन परिस्थितियों में अमन ट्रेन की चपेट में आया। जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

……………………..

Related Articles

Back to top button