भिलाई में ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 18.63 लाख की धोखाधड़ी:ट्रेडिंग इंस्टीट्यूट खोलने के नाम पर लिए पैसे, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
By Dinesh chourasiya








दुर्ग में फॉरेक्स और ट्रेडिंग प्रशिक्षण संस्थान खोलने और उसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 18.63 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने मीनल चौहान (35) को नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में एक कार भी जब्त की गई है।




पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, कार भी जब्त किया।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी अक्षय राठौर कृषि व्यवसाय से जुड़ा है। एक परिचित के जरिए उसकी पहचान मीनल चौहान से हुई थी। मीनल ने रायपुर के वीआईपी चौक स्थित करेंसी टावर में फिनविजन और फिनविजन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के नाम से फॉरेक्स और ट्रेडिंग प्रशिक्षण संस्थान शुरू करने की बात कही थी। उसने संस्थान में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया था।
पुलिस ने किया पूरे मामले का खुलासा।
अलग-अलग खातों में जमा कराए रुपए
प्रार्थी की शिकायत के अनुसार दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच संस्थान के संचालन और दूसरे खर्चों के लिए अलग-अलग बैंक खातों के जरिए कुल 21 लाख 96 हजार 675 रुपए दिए गए थे। इस रकम का इस्तेमाल कर्मचारियों के वेतन, कार्यालय के किराए, रखरखाव, विज्ञापन, सोशल मीडिया पर प्रचार और अन्य जरूरी खर्चों के लिए किया जाना था।
3 लाख रुपए वापस किया
शिकायत में बताया गया कि दी गई रकम में से करीब 3 लाख 33 हजार रुपए वापस किए गए। इसके बाद भी 18 लाख 63 हजार 675 रुपए बकाया रह गए। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि संस्थान के संचालन और ट्रेडिंग से मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर उससे रकम ली गई, लेकिन बाकी पैसा वापस नहीं किया गया।
सुपेला थाने में दर्ज हुआ मामला
अक्षय राठौर ने 18 सितंबर 2026 को सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 351(3) में केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने मीनल चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी भिलाई के मदर टेरेसा नगर की रहने वाली है। पुलिस ने मामले में एक कार भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।




