राजनांदगांव में आदतन बाइक चोर गिरफ्तार:पुलिस ने 30 हजार रुपए की दो चोरी की बाइक बरामद कीं, आरोपी जेल भेजा गया
By Dinesh chourasiya
राजनांदगांव शहर में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।







पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी और आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हो चुके हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

समता मंच के पास से चोरी हुई थी बाइक




पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 11 अक्टूबर को सुबह करीब 5 से 7 बजे के बीच उद्यचल रोड स्थित समता मंच के पास से उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। चोरी गई बाइक क्रमांक CG 08 AC 3428 की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 642/26, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और मुखबिर से मिला सुराग
मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही घनश्याम जोशी (20) को हिरासत में लिया गया। वह मूल रूप से भालूकोन्हा, थाना घुमका का निवासी है और वर्तमान में जय स्तंभ चौक, राजनांदगांव में ट्रांसफार्मर के पास रह रहा था।
पूछताछ में दूसरी चोरी की बाइक भी मिली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर समता मंच के पास से चोरी हुई बाइक के अलावा एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
दूसरी बाइक TVS Power Excel है, जिसका क्रमांक CG 08 AN 3283 है। इसे 8 अक्टूबर को ईमाम चौक ओवरब्रिज के नीचे से चोरी किया गया था। इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। दोनों मोटरसाइकिलों की कुल कीमत 30 हजार रुपए आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि घनश्याम जोशी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ वर्ष 2024 में चोरी के चार मामले, नकबजनी-चोरी का एक मामला और आबकारी एक्ट के तहत एक मामला दर्ज किया गया था। इन प्रकरणों में न्यायालय में चालान भी पेश किए जा चुके हैं।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को 14 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।





