Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़
Trending

सेवानिवृत्त कर्मचारी नरोत्तम सिंह टेमार्य को कलेक्टर ने दी भावभीनी विदाई, अवकाश नगदीकरण और भविष्य निधि की राशि प्रदान की

विजय कुमार रिपोर्टिंग

 

विजय कुमार रिपोर्टिंग 

बालोद (छत्तीसगढ़), 1 सितंबर 2026। जिला कार्यालय बालोद में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नरोत्तम सिंह टेमार्य के 31 अगस्त को अर्द्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर जिला कार्यालय सभाकक्ष में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने उन्हें अवकाश नगदीकरण एवं भविष्य निधि की राशि प्रदान कर सम्मानित किया और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

जिला प्रशासन के अनुसार, टेमार्य ने वर्ष 1995 से विभिन्न शासकीय कार्यालयों में सेवाएं दीं। नवीन जिला बालोद के गठन के बाद उनका स्थानांतरण जिला कार्यालय बालोद में हुआ। वर्ष 2014 से वे कलेक्टर के निज पदस्थापना शाखा में कार्यरत रहे और विभिन्न कलेक्टरों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सेवानिवृत्त हुए।

 

समारोह में कलेक्टर मिश्रा ने जिला कार्यालय परिवार की ओर से उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने उनके सरल, अनुशासित व्यक्तित्व तथा शासकीय दायित्वों के प्रति निष्ठा और समर्पण की सराहना की।

 

कलेक्टर ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को उनके देय स्वत्वों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करना कार्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सेवानिवृत्ति के अवसर पर अवकाश नगदीकरण एवं भविष्य निधि की राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में सहयोग के लिए वित्त स्थापना शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।

 

सम्मान समारोह में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकड़ा सहित जिला कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

समारोह के बाद जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने टेमार्य को सम्मानपूर्वक उनके गृहग्राम सहगांव पहुंचाया। वहां ग्राम सरपंच भुषण लाल देवांगन, ग्रामवासियों एवं परिवारजनों ने उनका स्वागत किया और उनके दीर्घ शासकीय सेवाकाल की सराहना करते हुए भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button