Uncategorized

CG के चिल्फी में ट्रक कंटेनर से 2.23 करोड़ का गांजा पकड़ाया:सीक्रेट चेंबर में छिपाया था,

By Dinesh chourasiya

कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी है। 31 अगस्त को NH-30 पर वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, गांजे को कंटेनर ट्रक में बनाए गए एक सीक्रेट चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने गांजे, कंटेनर और मोबाइल फोन समेत कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपए का माल जब्त किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

इधर, बस्तर में भी 21 लाख का गांजा पकड़ा गया है। दो मामलों में 56 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक आरोपी ओडिशा से स्कूटी में गांजा ला रहा था, जबकि दूसरे ने इसे जमीन के अंदर छिपाकर रखा था।

चिल्फी थाना के सामने पुलिस ने रोका कंटेनर

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को चिल्फी थाना के सामने NH-30 मेन रोड पर वाहनों की जांच और निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक आता दिखाई दिया।

पुलिस टीम ने कंटेनर को रोककर वाहन में सवार शख्स से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम बलजीत सिंह, पट्टी सरा दी गांव चाटीपिंड, थाना चाटीपिंड, जिला अमृतसर, पंजाब बताया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कंटेनर ट्रक की तलाशी शुरू की। पुलिस टीम ने कंटेनर रोककर चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम बलजीत सिंह निवासी चाटीपिंड गांव अमृतसर का बताया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कंटेनर ट्रक की तलाशी ली।

ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया था सीक्रेट चेंबर

तलाशी के दौरान पुलिस को कंटेनर के अंदर ड्राइवर सीट के ऊपर एक सीक्रेट चेंबर मिला। पुलिस के मुताबिक, इसी चेंबर में खाकी रंग के टेप से लिपटे कई पैकेट छिपाकर रखे गए थे। पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा मिला। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम निकली।

पुलिस के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कंटेनर के सामान्य हिस्से में नहीं, बल्कि विशेष रूप से बनाए गए चेंबर में छिपाकर रखा गया था।

गांजे की कीमत 2.23 करोड़, ट्रक भी जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2,23,75,250 रुपए आंकी है। इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक की अनुमानित कीमत 27 लाख रुपए और आरोपी के मोबाइल की कीमत करीब 5 हजार रुपए बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 2,50,80,250 रुपए कीमत का सामान जब्त किया है।

अमृतसर का आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस ने मामले में बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

इसके साथ ही आरोपी के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। जिला कबीरधाम की एएनटीएफ टीम भी आरोपी से पूछताछ और मामले की जांच में जुटी है।

जब्त गांजे के साथ कंटेनर ड्राइवर बलजीत सिंह है, जो चाटीपिंड गांव, अमृतसर का निवासी है।

अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी

चिल्फी थाना क्षेत्र अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र में आता है। पुलिस के अनुसार, यहां अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और तस्करी को रोकने के लिए लगातार संदिग्ध वाहनों की जांच, नाकाबंदी और निगरानी की जा रही है।

इसी निगरानी के दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई और उसमें बनाए गए गुप्त चेंबर से गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई।

पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का पुरस्कार

कार्रवाई के बाद राजनांदगांव रेंज के IG अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस और चिल्फी थाना की टीम की सराहना की। उन्होंने टीम को 25 हजार रुपए इनाम देकर सम्मानित किया।

कबीरधाम SP जितेंद्र यादव ने कहा कि जिले में गांजा समेत अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

अब तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस की कार्रवाई में गांजे की बड़ी खेप और उसे ले जाने वाला कंटेनर जब्त हो गया है, लेकिन जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि इस खेप के पीछे कौन लोग हैं और गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी।

एएनटीएफ टीम आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है

Related Articles

Back to top button