रायपुर में भाजपा-कांग्रेस आज आमने-सामने, राजीव भवन घेरेगी बीजेपी:ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी; कई मार्गों पर यातायात रहेगा प्रभावित
By Dinesh chourasiya
रायपुर में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने नजर आएंगे। भाजयुमो ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (राजीव भवन) के घेराव का ऐलान किया है। वहीं, कांग्रेस ने भी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए हैं। इसे देखते हुए शंकर नगर और आसपास के इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ट्रैफिक पुलिस ने भी रूट डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों को लेकर एडवाइजरी जारी की है।







भाजपा की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का घेराव कर “बिना किसी मुद्दे के अराजकता फैलाने” का प्रयास किया। इसके विरोध में भाजयुमो प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेगा। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

कांग्रेस ने भी कार्यकर्ताओं को किया अलर्ट




भाजपा के घेराव कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस ने भी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को शंकर नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने का संदेश जारी किया है।
पार्टी ने कहा है कि अंबेडकर चौक पर आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ता वहां से सीधे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचें।
इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक प्रभावित
रायपुर ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, भाजयुमो के बीटीआई मैदान से राजीव भवन तक प्रस्तावित घेराव के चलते बीटीआई मैदान–अनुपम नगर चौक–दूरदर्शन कार्यालय मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा और आंशिक रूप से आवाजाही बाधित हो सकती है।
ये हैं वैकल्पिक मार्ग
खम्हारडीह और कचना की ओर जाने वाले वाहन
अनुपम नगर चौक से बीटीआई होकर जाने वाले वाहन शंकर नगर एक्सप्रेस-वे या बॉटल हाउस गली मार्ग का उपयोग करें।
खम्हारडीह से एसआरपी चौक आने-जाने वाले वाहन अवंति विहार, बॉटल हाउस और शंकर नगर अंडरब्रिज मार्ग से आवागमन कर सकते हैं।
अशोका रतन वीआईपी टर्निंग की ओर जाने वाले वाहन
अनुपम नगर चौक से जाने वाले वाहन लोधीपारा चौक मार्ग का उपयोग करें।
वैकल्पिक रूप से दूरदर्शन कार्यालय से पहले डॉ. पहलाजानी गली मार्ग से भी आवागमन किया जा सकता है।
अनुपम नगर चौक से अशोका रतन मार्ग बंद रहने की स्थिति में वाहन लोधीपारा–मोवा मार्ग का उपयोग करें।
पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आवश्यकता होने पर ही प्रभावित मार्गों का उपयोग करें। वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।






