Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़शिक्षा-नौकरी
Trending

आदर्श कन्या विद्यालय बालोद में पालक-शिक्षक बैठक संपन्न, छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर हुआ मंथन

प्राचार्या हेमलता गंगबेर ने 'मोर गाँव-मोर पानी' अभियान व HPV टीकाकरण की दी जानकारी, पालकों ने विद्यालय के साथ सहयोग का जताया संकल्प

 

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

दिनांक: 18 जुलाई 2026 ,स्थान: शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालोद ,उच्च कार्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सत्र 2026-27 की प्रथम पालक-शिक्षक बैठक आज दिनांक 18 जुलाई 2026 को संस्था में भव्य रूप से आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं की प्रगति, स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों तथा विभिन्न सरकारी अभियानों से अवगत कराना तथा पालक-शिक्षक के मध्य समन्वय एवं सहयोग को और मजबूत बनाना था।

 

बैठक की अध्यक्षता प्राचार्या श्रीमती हेमलता गंगबेर ने की। उन्होंने उपस्थित समस्त अभिभावकों का हार्दिक स्वागत करते हुए “मोर गाँव मोर पानी” अभियान के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों जैसे जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत चर्चा की।

प्राचार्या ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए HPV टीकाकरण कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीकाकरण वर्तमान में संचालित किया जा रहा है। HPV टीका मुख्य रूप से सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से सुरक्षा प्रदान करता है। अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी बेटियों को समय पर यह टीका अवश्य दिलवाएँ तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ पूर्ण सहयोग करें। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

प्राचार्या ने छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, परीक्षा परिणाम तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की भी विस्तृत जानकारी अभिभावकों को दी।

व्याख्याता श्री अशरफ तिगाला ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे घर पर बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें, होमवर्क की नियमित जाँच करें, प्रतिदिन पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा करें तथा घर में अनुकूल एवं शांत अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएँ।

व्याख्याता श्री राजेंद्र वर्मा ने मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग के हानिकारक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को केवल शैक्षणिक कार्यों के लिए ही मोबाइल फोन का उपयोग करने की सलाह दें तथा इसके दुरुपयोग पर सख्ती से नियंत्रण रखें।

पालक समिति प्रमुख श्री कृष्ण कुमार यादव ने अपने संबोधन में जोर देकर कहा कि बच्चे की समग्र प्रगति पालक और शिक्षक दोनों की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और सकारात्मक सहयोग करने की अपील की।

बैठक के दौरान उपस्थित अभिभावकों ने एक-एक कर अपना परिचय दिया तथा विद्यालय से संबंधित अपनी शिकायतें, सुझाव एवं समस्याएँ रखीं। प्राचार्या श्रीमती हेमलता गंगबेर ने सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं बी एन योगी, बी आर साहू, लेखा देवी, वीनिता दिल्लीवार, गीतिका दुबे, देवनारायण तिवारी, वर्षा यादव, भावना साहू, प्रमिला रामटेके, अनीता सूर्यकान्त सिन्हा,पदमाकार, नीलू सोनी, रिचा मीका, शैल देशमुख सहित अन्य सभी शिक्षकों की उपस्थिति एवं सक्रिय भागीदारी रही।

आभार प्रदर्शन वरिष्ठ व्याख्याता श्री एम.के. ठावरे द्वारा किया गया। उन्होंने सभी पालकों, शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

यह बैठक अत्यंत उपयोगी, सार्थक एवं सुव्यवस्थित रही। ऐसी बैठकें विद्यालय व अभिभावकों के बीच विश्वास एवं सहयोग की मजबूत नींव रखती हैं, जो अंततः छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगी।

 

✍️ रिपोर्ट:

Ritesh Kumar

Crime Reporter | Aradhna News, Balod

Related Articles

Back to top button