Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़राज्य
Trending

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, 6 करोड़ की लागत से मिला आधुनिक स्टेशन का तोहफा

सांसद भोजराज नाग, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी किरण गंगाराम चव्हाण सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ भव्य कार्यक्रम, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बदला बालोद स्टेशन का स्वरूप

 

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 17 जुलाई 2026

 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के अंतर्गत पंजाब राज्य के जालंधर छावनी से जिला मुख्यालय बालोद सहित पूरे देश के विभिन्न 75 पुर्नविकसित रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर आज छत्तीसगढ़ राज्य के सरोना, चांपा और बालोद सहित 03 पुर्नविकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया गया। अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के अंतर्गत पुर्नविकसित बालोद रेलवे स्टेशन के लोकार्पण होने से आम जनता एवं रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों को सर्व सुविधा युक्त एवं बेहतरीन रेलवे स्टेशन का सौगात मिला है। रेलवे स्टेशन परिसर बालोद में आज आयोजित पुर्नविकसित रेलवे स्टेशन के लोकार्पण समारोह के अवसर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी, नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी, पूर्व विधायक श्री प्रीतम साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश यादव, श्री पवन साहू, नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन, नगर पंचायत डौण्डीलोहारा के अध्यक्ष श्री लाल निवेन्द्र शाह टेकाम, श्री राकेश यादव छोटू, श्री प्रेम साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर एवं रायपुर रेल मंडल के अपर मंडल प्रबंधक श्री बजरंग लाल अग्रवाल सहित रेलवे एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी एवं आम नागरिकगण उपस्थित थे। 

 

 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने आज के इस अवसर को बालोद जिले के लिए ऐतिहासिक एवं यादगार बताया। उन्होंने कहा कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के अंतर्गत आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा देश भर के 75 पुर्नविकसित रेलवे स्टेशनों में हमारा बालोद रेलवे स्टेशन भी शामिल है। श्री नाग ने कहा कि केन्द्र सरकार के इस महत्वाकांक्षी योजना के फलस्वरूप बालोद जिला रेलवे स्टेशन को सर्व सुविधा युक्त एवं बेहतरीन स्वरूप में विकसित होने से बालोद जिले वासियों के अलावा इस रेलवे स्टेशन के माध्यम से रेल का सफर करने वाले यात्रियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 2014 से देश की बागडोर संभालने के बाद अन्य सभी क्षेत्रों के साथ-साथ भारतीय रेलवे का भी कायाकल्प हो रहा है। उनका यह कार्य वास्तव में भारत वर्ष को सन् 2047 तक विकसित बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर श्री नाग ने बालोद एवं बस्तर अंचल को रेलवे द्वारा दी गई महत्वपूर्ण सौगातों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रावघाट तक रेलवे लाईन का विस्तार करने का कार्य पूरा हो गया है। इसके पश्चात् शीघ्र ही जगदलपुर तक रेलवे लाईन के विस्तार का कार्य पूर्ण हो जाएगा। यह कार्य वास्तव में इस अंचल में विकास का नया अध्याय प्रारंभ करने की दिशा में अत्यंत निर्णायक साबित होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन ने बालोद जैसे एक छोटे रेलवे स्टेशन को विराट, भव्य एवं बेहतरीन स्वरूप में विकसित करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हमारे संपूर्ण बालोद जिले व अंचल वासियों के लिए बहुत बड़ी सौगात है। श्री जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दृढ़ इच्छा शक्ति एवं दुरगामी सोच के फलस्वरूप रेलवे का विद्युतीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि आज बालोद सहित संपूर्ण देश भर के पुर्नविकसित रेलवे स्टेशन विकसित एवं बदलते हुए भारत का प्रतीक बन गए हैं। इस अवसर पर उन्होेंने बालोद वासियों को पाररास रेलवे ओवर ब्रिज की सौगात मिलने की जानकारी देते हुए कहा कि शीघ्र ही इनका निर्माण कार्य प्रारंभ होने वाला है। इसके पश्चात एक वर्ष की अवधि में शहर वासियों को इस रेलवे ओवर ब्रिज का सौगात भी मिल जाएगा। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी ने आज पूरे देश के विभिन्न 75 रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ बालोद रेलवे स्टेशन को भी सर्व सुविधायुक्त भव्य एवं बेहतरीन स्वरूप में पुर्नविकसित रेलवे स्टेशन की सौगात मिलने पर भूरी-भूरी सराहना की। इसके लिए उन्होेंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सहित केन्द्र सरकार को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए रायपुर रेल मंडल के अपर रेल प्रबंधक श्री बजरंग लाल अग्रवाल ने अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना अंतर्गत पुर्नविकसित रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण एवं भारतीय रेलवे के महत्व एवं उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर अतिथियों के द्वारा रेलवे द्वारा अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के संबंध में आयोजित पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट स्थान अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने सुमधुर एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से सभी को भाव-विभोर कर दिया। समारोह में अतिथियों के द्वारा सर्व सुविधायुक्त एवं भव्य स्वरूप में पुर्नविकसित बालोद रेलवे स्टेशन का विधिवत लोकार्पण भी किया गया। 

 

 उल्लेखनीय है कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे की एक दूरदर्शी पहल है, जिसके माध्यम से रेलवे स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर अधोसंरचना, अत्याधुनिक तकनीक, ऊर्जा दक्षता तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति के समावेश के साथ विकसित किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, डिजिटल सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, हरित विकास, वर्षा जल संचयन, सुव्यवस्थित यातायात एवं पार्किंग जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 50 स्टेशनों का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के 32 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिसमें शामिल बालोद रेलवे स्टेशन का लगभग 06 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है।

 

 बालोद स्टेशन पर आधुनिक स्टेशन भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, नया प्रवेश क्षेत्र, सुव्यवस्थित प्रवेश एवं निकास द्वार, आधुनिक फुट ओवर ब्रिज, 04 नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, समर्पित पार्किंग क्षेत्र, ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था तथा छत्तीसगढ़ की लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले आकर्षक भित्ति चित्र विकसित किए गए हैं। इन सुविधाओं से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। बालोद रेलवे स्टेशन का इतिहास भारत के औद्योगिक उत्थान और भिलाई स्टील प्लांट की स्थापना से जुड़ा हुआ है वर्ष 1955 में जब सोवियत संघ के सहयोग से भिलाई स्टील प्लांट की आधारशिला रखी गई तब कारखाने के लिए दल्लीराजहरा की खदानों से लौह अयस्क की निर्बाध आपूर्ति हेतु दल्लीराजहरा-भिलाई रेल लाइन का निर्माण किया गया। इसी महत्वपूर्ण औद्योगिक रूट के बीच में बालोद रेलवे स्टेशन महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित हुआ जो आज भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक परिवहन की एक प्रमुख कड़ी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहा है।

 

 अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे स्टेशन केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इन्हें स्थानीय संस्कृति, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। स्टेशनों का यह आधुनिकीकरण क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करने के साथ-साथ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

 

✍️ रिपोर्ट:

Ritesh Kumar

Crime Reporter | Aradhna News, Balod

–00–

Related Articles

Back to top button