CG में तेल गोदाम में भीषण आग:अंदर ऑयल से भरे 3 टैंक थे, इसलिए तेजी से फैली; निगम कमिश्नर बोले- जांच होगी
By Dinesh chourasiya
बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित खाद्य तेल की चौधरी एजेंसी के गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। ऑयल के कारण देखते ही देखते आग बढ़ती चली गई। सुबह करीब 9 बजे की घटना है, 6 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से 6 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।







मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। आग बुझाने के लिए जेसीबी से गोदाम की दीवार भी तोड़ी गई थी। आगजनी में गोदाम में रखा लाखों रुपए का खाद्य तेल और अन्य सामान धू-धू कर जल गया। शॉर्ट सर्किट से घटना की आशंका जताई गई है।
बताया जा रहा है, गोडाउन के अंदर 3 ऑयल टैंक बना था, जिसमें ऑयल भरे थे, यहां पैकिंग का काम भी होता था। नियम के मुताबिक, यह टैंक इंडस्ट्रियल एरिया में बनाए जाते हैं। इस घटना के बाद निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने जांच की बात कही है।




बड़ी मात्रा में रखा था तेल का स्टॉक
जानकारी के अनुसार, व्यापार विहार बिलासपुर संभाग का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र माना जाता है। यहां बड़ी संख्या में गोदाम और एजेंसियां संचालित हैं। जहां आग लगी वह गोदाम तेल व्यापारी निमेष अग्रवाल का है, यहां तेल का भंडारण और पैकेजिंग का काम होता था। व्यापारी ने 2 करोड़ के माल जलने की बात कही।
घटना के समय बड़ी मात्रा में खाद्य तेल का स्टॉक रखा हुआ था। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के व्यापारी और कर्मचारी बाहर निकल आए थे। यहां के व्यापारियों ने व्यापार विहार में फायर स्टेशन बनवाने की मांग भी की है।





