
केरल पहुंचा मानसून- शुरू हुई झमाझम बारिश- 24 घंटे मे केरल को भिगोकर पूरे देश के लिए आगे बढ़ेगा मानसून
By Dinesh chourasiya
मौसम विभाग ने अपने बयान में कहा है कि अगले 24 घंटों में पूरे केरल में मॉनसून सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद 48 घंटों के भीतर तमिलनाडु, कर्नाटक, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में इसका असर देखने को मिलेगा। फिर धीरे-धीरे मध्य भारत होते हुए यह उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों तक पहुंचेगा। वैज्ञानिकों ने कहा कि दक्षिण पूर्व अरब सागर बिपरजॉय चक्रवात के असर से मॉनसून में देरी हुई है और शुरुआती सप्ताह में इसकी रफ्तार भी धीमी रहेगी।
हालांकि एक बार बिपरजॉय का असर समाप्त होगा तो फिर मॉनसून रफ्तार पकड़ लेगा। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के वाइस प्रेसिडेंट महेश पालावत ने कहा कि अगले दो से तीन दिन में पछुआ हवा तेज होगी और फिर मॉनसून जोर पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को बुआई के लिए तय समय से एक सप्ताह से 10 दिन तक का इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा कि एक बार जब बारिश शुरू होगी तो फिर बुआई भी चालू हो जाएगी। खेती और फसल पर मॉनसून में देरी का कोई विपरीत असर नहीं होगा। हालांकि जून महीने में सामान्य से कुछ कम बारिश होने की संभावना है।







आमतौर पर मॉनसून 1 जून तक केरल पहुंचता है और फिर 15 जुलाई तक पूरे देश में सक्रिय हो जाता है। लेकिन इस बार मौसम विभाग ने 16 मई को ही अनुमान जाहिर किया था कि यह 4 जून को आएगा, लेकिन अंत में एक सप्ताह की देरी के बाद ही आया है। भारत में मॉनसून की अहमियत इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि 51 फीसदी खेती योग्य भूमि सिंचाई के लिए बारिश पर ही निर्भर रहती है। इन्हीं इलाकों से 40 फीसदी खाद्यान्न उत्पादन होता है। यही वजह है कि अच्छा मॉनसून खेती और इकॉनमी के लिए गुड न्यूज के तौर पर देखा जाता है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार बारिश औसत से 96 फीसदी रहेगी। ज्यादातर इलाकों में यह सामान्य ही रहेगा।




