Uncategorized

भिलाई में कांग्रेस नेता राजू पाल समेत 2 पर FIR दर्ज:युवक ने सुसाइड नोट में दोनों पर पैसा मांगने और ब्लैकमेल करने का लगाया था आरोप

By Dinesh chourasiya

 भिलाई में मोहन रामटेके की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। स्मृतिनगर थाना पुलिस ने मोहन के पास से मिले सुसाइड नोट के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कांग्रेस नेता राजू पाल और सोनिया गोस्वामी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा है, जिसके चलते युवक ने यह कदम उठाया।

घटना 28 मार्च की है। कोहका के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले मोहन कुमार रामटेके (42) की लाश किराए के कमरे में फंदे से लटकती मिली थी। सूचना मिलते ही स्मृतिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें मोहन ने अपनी मौत के लिए दो लोगों को जिम्मेदार ठहराया था।

मौके से सुसाइड नोट मिला हैं। इस मामले में जांच जारी है, इसलिए पेज ब्लर किया गया है।

सुसाइड नोट में खुलासा

पुलिस को मिले सुसाइड नोट में मोहन ने कांग्रेस नेता राजू पाल और सोनिया गोस्वामी का नाम लिया था। नोट में स्पष्ट रूप से लिखा था कि दोनों उसे परेशान कर रहे थे। स्मृतिनगर चौकी प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि सुसाइड नोट और शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने राजू पाल और सोनिया गोस्वामी के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।

पैसों के लेन-देन को लेकर आत्महत्या

इस मामले में एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि पूरी घटना पैसों के लेन-देन से जुड़ी हुई है। मोहन ने किसी काम या जरूरत के लिए संबंधित व्यक्तियों से लेन-देन किया था, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। इसी तनाव के चलते मोहन ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।

आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी दोनों फरार बताए जा रहे हैं। चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस की टीमें राजू पाल और सोनिया गोस्वामी की तलाश में जुटी हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विवाद किस बात को लेकर था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की आगे की जांच पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों और दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।

परिजनों ने हत्या की जताई आशंका

मोहन रामटेके के परिजनों ने शव पर चोट के निशान और लाश की परिस्थितियों को देखकर हत्या की आशंका जताई। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष और त्वरित जांच की भी मांग की। मृतक के भाई नवीन कुमार रामटेके ने बताया कि वे उचित न्याय की मांग पुलिस प्रशासन से कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button