खेल

केएल राहुल की टीम में वापसी तय, क्या रोहित दोबारा देंगे ओपनिंग का मौका?

नई दिल्ली. सीनियर सलामी बल्लेबाज और उप कप्तान के रूप में पहली पसंद केएल राहुल के 8 अगस्त को एशिया कप के लिए चुनी जाने वाली भारतीय टीम में तेज गेंदबाज दीपक चाहर के साथ वापसी करने की उम्मीद है. एशिया कप का आयोजन टी20 प्रारुप में दुबई और शारजाह में 27 अगस्त से 11 सितंबर तक होगा. राहुल के जिंबाब्वे के खिलाफ उसकी सरजमीं पर होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम में वापसी करने की उम्मीद थी लेकिन कोविड-19 संक्रमण के कारण वह हाल में हुई स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी से पूरी तरह उबरने में नाकाम रहे.

यह देखना रोचक होगा कि चेतन शर्मा की अगुआई वाली चयन समिति 15 खिलाड़ियों का चयन करती है या फिर सभी संभावित विकल्पों को आजमाने की बात ध्यान में रखते हुए 17 सदस्यीय टीम चुनती है. एशिया कप की भारतीय टीम से काफी हद तक अंदाजा लग जाएगा कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का संयोजन क्या होगा. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ 23 अक्टूबर को पहले टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले से पहले भारत को लगभग एक दर्जन मैच खेलने हैं.

क्या केएल राहुल टीम में बतौर ओपनर खेलेंगे?
पिछले छह टी20 मैच में ऋषभ पंत और सूर्यकुमार यादव रोहित शर्मा के सलामी जोड़ीदार रहे हैं. राहुल को हालांकि टीम में वापसी करने पर एक बार फिर शीर्ष क्रम में जगह मिलेगी. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, ‘‘लोकेश राहुल को कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है. जब भी वह टी20 खेलता है तो हमेशा विशेषज्ञ सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलता है और यही चीज जारी रहेगी. भविष्य में सूर्यकुमार और ऋषभ मध्य क्रम के विशेषज्ञ बल्लेबाजों के रूप में खेलेंगे.’’

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में ढेरों रन बटोरने वाले राहुल की हालांकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पारी का आगाज करते हुए धीमी बल्लेबाजी के लिए आलोचना होती रही है. टीम इंडिया ने हालांकि पावरप्ले में ‘किसी भी कीमत पर आक्रमण’ करने की रणनीति अपनाई है जिससे पंत और सूर्यकुमार दोनों ने अच्छी तरह से अंजाम दिया है. ऐसे में राहुल को निश्चित तौर पर यूएई में महाद्वीपीय टूर्नामेंट में अपने खेल में बदलाव करना होगा.

 

Related Articles

Back to top button