Uncategorized

गुजरात के पोरबंदर में 3300 KG ड्रग्स जब्त इसकी कीमत 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा; 5 विदेशी तस्कर भी गिरफ्तार

By Dinesh chourasiya

NCB ने गुजरात के तट पर 3300 किलो ड्रग्स से भरी नाव को पकड़ा। - Dainik Bhaskar

गुजरात ATS, नेवी और सेंट्रल एजेंसी के संयुक्त ऑपरेशन के तहत मंगलवार को अरब सागर में भारतीय सीमा में 3300 किलो ड्रग्स जब्त की गई। इसकी कीमत 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा होने का अनुमान है। टीम ने ड्रग्स पैडलिंग करने वाले 5 विदेश पैडलर्स को भी गिरफ्तार किया है। पैडलर्स के ईरानी या पाकिस्तानी नागरिक होने की आशंका जताई जा रही है।

कुछ दिनों पहले गिर सोमनाथ पुलिस ने वेरावल शहर के घाट पर बहकर आई 350 करोड़ रुपए की नशीली दवाएं जब्त की थीं। उसके बाद से ही दिल्ली नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), गुजरात ATS और अन्य केंद्रीय एजेंसियां पैडलर्स को पकड़ने के लिए ऑपरेशन चला रही थीं।

इस ऑपरेशन के तहत समुद्री सीमा से मादक पदार्थों की अब तक की यह सबसे बड़ी जब्ती है।

विदेशी पैडलर्स ईरानी नाव पर सवार थे, देर रात पोरबंदर लाया गया
3300 किलो ड्रग्स के साथ 5 विदेशी पैडलर्स ईरानी नाव में सवार थे। उन्हें मंगलवार देर रात पोरबंदर समुद्र तट पर लाया गया। इस मामले में सुरक्षा एजेंसियों के बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की संभावना है।

5 दिन पहले ही पकड़ी गई थी 350 करोड़ की हेरोइन, 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया था
पांच दिन पहले वेरावल बंदरगाह से 350 करोड़ की हेरोइन मछली पकड़ने वाली नाव में पकड़ी गई थी। इसके साथ ही 9 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। फिलहाल ATS, गिर सोमनाथ SOG, LCB, FSL और मरीन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वेरावल पोर्ट से दो किलोमीटर दूर पकड़ी गई ड्रग्स
वेरावल बंदरगाह घाट नाव मालिक जीतू कुहाड़ा ने बताया कि एक नाव पर पहले से ही निगरानी रखी जा रही थी। मंगलवार रात करीब नौ बजे एक अज्ञात वाहन से दो लोग घाट पर पहुंचे और नाव से कुछ पदार्थ अपने वाहन में रखने लगे। टीम के पीछा करने पर वेरावल पोर्ट से दो किलोमीटर दूर उन्हें पकड़ लिया गया।

गृह मंत्री अमित शाह ने नौसेना, NCB और गुजरात ATS को इस सफलता पर बधाई दी

अमित शाह ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के अभियान में यह एक बड़ी सफलता है। NCB, नौसेना और गुजरात पुलिस के संयुक्त अभियान में 3300 किलोग्राम ड्रग्स की बड़ी खेप जब्त की गई है। यह सफलता हमारे देश को नशामुक्त करने के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का सबूत है।

NCB के उप महानिदेशक ज्ञानेश्वर सिंह ने कहा- यह सबसे बड़ा ऑफशोर सीजर है

NCB के उप महानिदेशक ज्ञानेश्वर सिंह ने कहा कि गुजरात ATS, नेवी और सेंट्रल एजेंसी के संयुक्त ऑपरेशन के तहत समुद्री सीमा पर ड्रग्स पकड़े जाने की यह सबसे बड़ी सफलता है। मात्रा और रिकॉर्ड के अनुसार यह सबसे बड़ा ऑफशोर सीजर है। इसमें 5 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है, जिनका संबंध पाकिस्तान से होने का शक है।

Related Articles

Back to top button