Uncategorized

भिलाई में गरबा से लौट रही युवती की सेक्टर 5 में सड़क हादसे में मौत:पड़ोसी युवक के साथ स्कूटी पर थी, कार की टक्कर से युवक भी गंभीर रूप से घायल

By Dinesh chourasiya

सड़क हादसे में युवती की हो गई मौत। - Dainik Bhaskar

भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-5 स्थित फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग पर सड़क हादसे में 20 साल के युवती की मौत हो गई। युवती अपने परिचित युवक के साथ गरबा खेलकर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान सेक्टर-5 प्लांट के पास रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी।

हादसे में युवती और युवक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रात करीब 3 बजे युवती की मौत हो गई। घायल युवक का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवक-युवती को मारी टक्कर।

तालपुरी में रहते थे दोनों

पुलिस के अनुसार, अक्षिता अवचट (20) कॉलोनी के बी ब्लॉक में रहती थी। पिता गजानन अवचट लोको पायलट हैं। वह पड़ोस में रहने वाले आयुष कुमार पचौरी (17) के साथ गरबा खेलने गई थी।

गरबा खेलने के बाद दोनों स्कूटी से तालपुरी स्थित अपने घर लौट रहे थे। वे फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग से गुजर रहे थे, तभी सेक्टर-5 स्थित सीमेंट प्लांट के पास कार (CG 07 CH 232) ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दूर जा गिरे दोनों

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार युवक और युवती उछलकर दूर जा गिरे। दोनों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। अक्षिता की हालत गंभीर थी।

उसे सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई। वहीं, आयुष का इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अक्षिता के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Related Articles

Back to top button