दुर्ग भिलाई में जल्द शुरू हो सकती E बस सेवा पहले चरण में 20 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का लक्ष्य सचिव ने डिपो का निरीक्षण किया;चार्जिंग स्टेशन-बिजली व्यवस्था का काम जल्द पूरा करने के निर्देश
By Dinesh chourasiya








दुर्ग-भिलाई में सिटी ई-बस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। पहले चरण में 20 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने सिटी ई-बस डिपो का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों और जरूरी सुविधाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को बाकी काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि बसों के संचालन में कोई परेशानी न हो।




निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने डिपो में चार्जिंग स्टेशन, बिजली व्यवस्था, भवन की पुताई और परिसर में चल रहे अन्य कामों की जानकारी ली। उन्होंने सभी काम तय समय में पूरे करने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने और अधूरे कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बसों के संचालन से पहले डिपो में सभी जरूरी सुविधाएं तैयार रखी जाएं।
बस डिपो का निरीक्षण करने पहुंचे सचिव सोनमणि बोरा।
पहले चरण में 20 बसें चलाने की तैयारी
दुर्ग-भिलाई में कुल 50 सिटी ई-बसें चलाने की योजना है। पहले चरण में 20 बसें शुरू की जाएंगी। नवंबर 2026 से बसों का संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, सेवा शुरू करने की अंतिम तारीख और बसों की समय-सारणी को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। यह योजना केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत शुरू की जा रही है।
बचे हुए कार्यों को जल्द पूरा करने दिया निर्देश।
डिपो में चार्जिंग और बिजली व्यवस्था पर जोर
ई-बसों के संचालन के लिए डिपो में चार्जिंग स्टेशन, बिजली व्यवस्था और रखरखाव से जुड़ी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने इन कामों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। डिपो में बसों को चार्ज करने और खड़ा करने के लिए जरूरी इंतजाम भी किए जा रहे हैं। बाकी काम पूरे होने के बाद बसों के संचालन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
दुर्ग से भिलाई और आसपास के इलाकों को जोड़ने की योजना
सिटी ई-बस सेवा के तहत दुर्ग-भिलाई के साथ आसपास के इलाकों को भी जोड़ने की योजना है। दुर्ग बस स्टैंड से पावर हाउस बस स्टैंड और दुर्ग रेलवे स्टेशन से रायपुर बस स्टैंड सहित कई मार्गों पर बसें चलाने का प्रस्ताव है। हालांकि, इन मार्गों, बीच के स्टॉपेज और बसों की संख्या की अंतिम सूची अभी जारी नहीं हुई है।
बस सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को मार्गों, किराए और बसों की समय-सारणी की जानकारी दी जाएगी। फिलहाल डिपो के अधूरे कामों को पूरा करने पर जोर है, ताकि तय लक्ष्य के अनुसार ई-बस सेवा शुरू की जा सके।




