
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जनदर्शन में सुनी आम लोगों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
प्रधानमंत्री आवास, सिंचाई, ट्रायसाइकिल, सड़क और नाली निर्माण सहित विभिन्न मांगों पर हुई सुनवाई
अविनाश साहू की रिपोर्ट
बालोद (छत्तीसगढ़), 07 सितंबर 2026। संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी मांगों और समस्याओं को कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के समक्ष रखा। कलेक्टर ने आवेदकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के त्वरित एवं उचित निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन में डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम कामता निवासी कुसुमकली ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम पैरी के सरपंच ने सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग रखी।
बालोद विकासखंड के ग्राम पीपरछेड़ी निवासी गेंदूराम ने ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। वहीं ग्राम पंचायत कुलिया के सरपंच ने सीसी रोड निर्माण और ग्राम पंचायत बोहारडीह के सरपंच ने नाली निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने ग्राम तमोरा निवासी दिव्यांग घनाराम साहू को बैटरी चालित ट्रायसाइकिल भी प्रदान की।
जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने आवेदकों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समयबद्ध निराकरण के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।








