
बालोद में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 17 अक्टूबर तक आयोजित होंगी विभिन्न जनसेवा गतिविधियां
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा की, व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश
विजय कुमार की रिपोर्ट
बालोद (छत्तीसगढ़), 07 सितंबर 2026। जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने, विकसित भारत 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बालोद जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान के संचालन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को गंभीरता से लेते हुए सभी कार्यक्रमों में आमजनों की व्यापक और सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। जिला नोडल अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार स्थलों का चयन कर आवश्यक तैयारियां शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगा। इसके तहत घर-घर और जिला स्तर पर सामूहिक दीप प्रज्वलन तथा हितग्राहियों का सम्मान किया जाएगा।
अभियान के दौरान 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत स्कूलों और कॉलेजों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
इसके अलावा 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान और मातृ वंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के अंतर्गत गांवों, विकासखंडों और जिला मुख्यालयों में कलश यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प और सेवा सेतु अभियान के माध्यम से जिले के सभी विकासखंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। पूरे अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ के तहत विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी।
इसके साथ ही ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जन सेवक महाकुंभ’ के आयोजन के साथ होगा।
बैठक में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन ने कहा कि अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर पर समितियों का गठन कर कार्यक्रमों के बेहतर आयोजन के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में गणमान्य नागरिक चेमन देशमुख, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर, आशीष पेंद्रो सहित सभी एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









