भिलाई में ठंडा समोसा लाने पर दोस्त पर जानलेवा हमला:बहन पर टिप्पणी से भड़के युवक ने साथी संग चाकू से गोदा,पुलिस ने भेजा जेल
By Dinesh chourasiya
भिलाई में शराब पीने के दौरान दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। ठंडा समोसा लाने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद एक युवक ने साथी की बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इससे नाराज दो दोस्तों ने उसी युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।







हमले में युवक के पेट में गंभीर चोट आई है। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर एम्स में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायल हिमांशु का एम्स में इलाज चल रहा है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला




पुलिस के मुताबिक, हिमांशु नेवारे अपने दोस्त योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष लोनहारे उर्फ पीला के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान हिमांशु ने दोनों दोस्तों को खाने के लिए चखना लाने भेजा। दोनों दोस्त रात में ठंडे समोसे लेकर वापस आए। समोसा ठंडा होने की बात को लेकर हिमांशु और दोनों दोस्तों के बीच बहस शुरू हो गई।

बहन पर टिप्पणी से भड़के दोस्त ने किया हमला
विवाद बढ़ने पर हिमांशु ने योगेश्वर वर्मा की बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस बात से योगेश्वर और मनीष नाराज हो गए। गुस्से में दोनों ने हिमांशु पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों ने हिमांशु पर कई बार चाकू से वार किए। हमले में उसके पेट में गंभीर चोट आई।
बहन पर टिप्पणी को लेकर बढ़ा विवाद
हमला करने वाले दोनों युवक और घायल हिमांशु पहले से एक-दूसरे को जानते थे और दोस्त थे। तीनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान ठंडा समोसा लाने को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। बाद में हिमांशु ने दोस्त की बहन पर टिप्पणी कर दी, जिससे विवाद और बढ़ गया। इसके बाद दोनों दोस्तों ने ही हिमांशु पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
पुलिस ने भेजा जेल
घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा। बाद में पुलिस ने रातभर आरोपियों की पतासाजी की और उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष लोनहारे उर्फ पीला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को रविवार को अदालत में पेश किया। वहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




