
बालोद में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध भंडारण और पैकेजिंग यूनिट सील, भारी मात्रा में कृषि सामग्री जब्त
डौंडीलोहारा के बीजाभाठा स्थित मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम पर छापा, गुणवत्ता जांच के लिए भेजे जाएंगे नमूने
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 22 जुलाई 2026
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं कृषि विभाग के उप संचालक श्री आशीष चन्द्राकर के मार्गदर्शन में कृषक हित में एक बड़ी कार्रवाई की गई।
जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा 21 जुलाई 2026 को डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाठा स्थित मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दौरान मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक, प्रोप्राइटर भारती चन्द्राकर के गोदाम में अवैध रूप से कृषि आदान सामग्री के भंडारण एवं पैकेजिंग का कार्य पाया गया। निरीक्षण दल द्वारा गोदाम से भारी मात्रा में सामग्री जब्त कर उसे सील कर दिया गया है।
कृषि विभाग के उपसंचालक श्री आशीष चन्द्राकर ने बताया कि मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम में अवैध रूप से पैकेजिंग का कार्य किया जा रहा था। गोदाम में 10 किलोग्राम पैकिंग बाल्टी, 1305 भू लक्ष्मी, महासार जैव उत्प्रेरक 500 मि.ली. पैकिंग 2880 नग, वीएजीएमआई प्रोम 08 किलोग्राम पैकिंग, 5129 बोरी (40 किलोग्राम), 153 बोरी (08 किलोग्राम) खुला पाया गया। साथ ही 1880 बोरी (50 किग्रा. पैकिंग) कच्चा माल कृषि सामग्री पाया गया। इसके अलावा पैकिंग मशीन-07 नग, तोलक-11 नग, बोरी सिलाई मशीन 03 नग पाया गया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण दल द्वारा उक्त कृषि सामग्रियों का नमूना लेकर गुणवत्ता जांच हेतु
प्रयोगशाला को प्रेषित करने की कार्यवाही की जा रही है। गोदाम परिसर में मारूति एग्रो बायोटेक संचालक प्रतिनिधि श्री नितिश चन्द्राकर, श्री अगेश्वर चन्द्राकर ग्राम अण्डा उपस्थित रहे। उन्होंने बालोद जिले के कृषकों से अपील की है कि खाद, बीज, कीटनाशक अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदे और बिल अवश्य लें। किसी भी गैर लाइसेंसधारी या घूमंतू लोगों के संपर्क में न पड़े। इसके अलावा कृषकों के हितों से खिलवाड़ करने वाले लोगों के विरूद्ध निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।








