
जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी का डौंडीलोहारा विकासखंड में औचक निरीक्षण, विकास कार्यों की गुणवत्ता पर दिया जोर
ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्य, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी, स्कूल और प्रधानमंत्री आवास योजना का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)







बालोद, 21 जुलाई 2026
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने डौंडीलोहारा विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का औचक निरीक्षण कर ग्राम पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं शासकीय कार्यालयों का जायजा लिया। इस दौरान सीईओ श्री चंद्रवंशी ने ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री चंद्रवंशी ने ग्राम पंचायत सिवनी के आश्रित ग्राम कामता में स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित बायो गैस संयंत्र, प्राथमिक शाला, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन एवं आहाता निर्माण का जायजा लेते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके अलावा उन्होंने ग्राम पंचायत बड़गांव के आंगनबाड़ी, डारागांव स्थित अमृत सरोवर, बिजौरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों तथा ग्राम पंचायत सुरेगांव में निर्माणाधीन महतारी सदन का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुरेगांव और आयुर्वेदिक औषधालय सुरेगांव पहुँचकर स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा की और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
–00–












