CG में मोबाइल पर बात करते युवक का मालगाड़ी से कटा पैर ट्रैक पार करते समय हादसा, हॉर्न बजाता रहा लोको पायलट,
By Dinesh chourasiya
कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र के पवन टॉकीज फाटक के पास रविवार रात एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा 22 वर्षीय युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में उसका एक पैर कट गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है।







जानकारी के अनुसार, बरमपुर निवासी रोशन पटेल (22) मोबाइल पर बातचीत करते हुए रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार मालगाड़ी वहां पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोको पायलट ने दूर से लगातार हॉर्न बजाया और युवक को हटने के लिए आवाज भी दी, लेकिन मोबाइल में व्यस्त होने के कारण वह चेतावनी नहीं सुन सका और ट्रेन की चपेट में आ गया।

एक पैर कटा, मौके पर मची अफरा-तफरी




टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक का एक पैर कटकर अलग हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तड़पता देख तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस और आरपीएफ ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक का मोबाइल जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लापरवाही सामने आया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
रेलवे की अपील
रेलवे आरपीएफ ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें और हमेशा दोनों ओर देखकर तथा पूरी सतर्कता के साथ ही रेलवे लाइन पार करें।





