
राज्यपाल से रेड क्रॉस की आई, ऑर्गन एवं बॉडी डोनेशन समिति की शिष्टाचार भेंट, अंगदान को जनआंदोलन बनाने पर मंथन
विश्व अंगदान दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह व मरणोपरांत 'गार्ड ऑफ ऑनर' के प्रस्ताव को मिला सकारात्मक मार्गदर्शन, चेयरमैन तोमन साहू की अध्यक्षता में हुई पहली बैठक

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)







रायपुर, 19 जुलाई 2026।भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा, रायपुर द्वारा नवगठित आई, ऑर्गन एवं बॉडी डोनेशन समिति की प्रथम बैठक आज रायपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू ने की। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से आए समिति सदस्यों ने नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के क्षेत्र में जनजागरूकता को सुदृढ़ बनाने, समन्वित कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रदेश में इस जनआंदोलन को नई गति प्रदान करने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया।





बैठक में सर्वसम्मति से निम्नलिखित महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए—
1. अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों को पड़ोसी राज्यों मध्यप्रदेश एवं ओडिशा की भाँति मरणोपरांत “गार्ड ऑफ ऑनर” प्रदान किए जाने हेतु छत्तीसगढ़ शासन को अनुशंसा प्रेषित की जाएगी।
2. 13 अगस्त 2026 (विश्व अंगदान दिवस) के अवसर पर प्रदेश में अंगदान करने वाले व्यक्तियों के परिजनों, पंजीकृत प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) संस्थानों के निदेशकों, चिकित्सकों एवं ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर्स का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

बैठक उपरांत भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के पदाधिकारियों एवं समिति के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल, छत्तीसगढ़ एवं अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा से लोक भवन (राजभवन), रायपुर में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने समिति के गठन, उसके उद्देश्यों तथा बैठक में पारित प्रस्तावों से महामहिम को अवगत कराया।

महामहिम ने समिति की पहल की सराहना करते हुए दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति एवं मार्गदर्शन प्रदान किया तथा विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की व्यापक एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की भूमिका की भी सराहना की।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति राज्यभर में जनजागरूकता, समन्वय एवं संस्थागत सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चरणबद्ध कार्ययोजना के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियाँ संचालित करेगी, ताकि अधिकाधिक नागरिक इस महादान के लिए प्रेरित हों और छत्तीसगढ़ इस क्षेत्र में एक सशक्त एवं प्रेरणादायी उदाहरण के रूप में स्थापित हो सके।







