CG में युवक का सिर ईंट से कुचलकर हत्या नशे में विवाद बना खूनी संघर्ष, गाली-गलौज के बाद घर की छत पर चढ़कर किया हमला
By Dinesh chourasiya

बिलासपुर जिले में शनिवार देर रात नशे में हुई गाली-गलौज एक युवक की हत्या में बदल गई। आरोपियों ने घर की छत पर चढ़कर दीवार की ईंट से युवक का सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के अकलतरी की है।







जानकारी के मुताबिक, मोहल्ले में कुछ लोग नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट की नौबत आ गई।

छत पर चढ़कर ईंट से किया हमला




आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावर इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (30) के घर पहुंच गए। इसके बाद वे घर की छत पर चढ़े और दीवार से ईंट निकालकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से इंद्रप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
रात एक बजे पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रात करीब एक बजे रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
एफएसएल टीम जुटाएगी साक्ष्य
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को जांच के लिए बुलाया है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार तीसरी हत्या से दहशत
रतनपुर क्षेत्र में लगातार तीसरी हत्या की वारदात सामने आने से लोगों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







