Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़
Trending

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने डौण्डी विकासखण्ड के स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की

बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने, कुपोषण मुक्त विकासखण्ड बनाने और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव पर दिया जोर

 

 

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 09 जुलाई 2026

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौण्डी के बैठक कक्ष में स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना शासन के सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिससे की आदिवासी बहुल डौण्डी विकासखण्ड के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कुपोषण को स्वस्थ समाज के निर्माण में सबसे बड़ी बाधा बताया। उन्होंने कहा कुपोषण के कारण व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक विकास पूरी तरह से बाधित हो जाता है। श्रीमती मिश्रा ने महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को डौण्डी विकासखण्ड को कुपोषण मुक्त बनाने में जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे एल उइके, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा सहित खण्ड चिकित्सा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों, सेक्टर सुपरवाईजरों के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

 

 

बैठक में श्रीमती मिश्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अलावा प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र भवनों की स्थिति के अलावा अस्पतालों में मानवीय संसाधनों तथा प्रसव की स्थिति, प्रतिदिन ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या एवं इलाज आदि की व्यवस्था के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। श्रीमती मिश्रा ने जर्जर स्वास्थ्य केन्द्रों के स्थान पर नवीन भवन निर्माण तथा भवन मरम्मत आदि की आवश्यकता होने पर तत्काल प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों तक पहुँच मार्ग के निर्माण की आवश्यकता होने पर भी प्रस्ताव भेजने को कहा।

 

स्वास्थ्य केन्द्रवार प्रसव की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य से कम प्रसव वाले स्वास्थ्य केन्द्रों के अधिकारी-कर्मचारियों को स्थिति में सुधार करने हेतु सख्त निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने डौण्डी विकासखण्ड के अनेक स्वास्थ्य केन्द्रों में संस्थागत प्रसव की स्थिति बेहतर होने पर वहाँ पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना भी की। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को संस्थागत प्रसव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव कराने को कहा। श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों की इलाज की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बिना वाजिब कारण के बिल्कुल भी अन्य अस्पतालों में रेफर नही करने के निर्देश दिए। 

बैठक में श्रीमती मिश्रा ने चिरायु योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए चिरायु टीम के अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा आंगनबाड़ी एवं स्कूलों का नियमित रूप से विजिट तथा बच्चों के इलाज की भी समीक्षा की। उन्होंने चिरायु योजना अंतर्गत गंभीर बीमारी से ग्रसित बच्चों के त्वरित इलाज सुनिश्चित करने हेतु चिरायु टीम के अधिकारी-कर्मचारियों को खण्ड चिकित्सा अधिकारियों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों के अलावा विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों से समन्वय कर इन बच्चों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने को कहा। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने टीबी मुक्त अभियान के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से टीबी के संभावित मरीजों का चिन्हांकन एवं उनके समुचित इलाज की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने डौण्डी विकासखण्ड में अब तक टीबी से मुक्त हुए कुल 96 गांवों को टीबी मुक्त ग्राम बनाने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आम, मरीजों एवं आम नागरिकों का बीपी, शुगर, मानसिक स्वास्थ्य आदि के जांच के संबंध में भी जानकारी ली। श्रीमती मिश्रा ने बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर के बचाव सुनिश्चित करने हेतु 14 वर्ष पूरा कर चुके सभी बालिकाओं का अनिवार्य रूप से सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीका लगाने के भी निर्देेश दिए। उन्होंने बताया कि इसके लिए 13 से 18 जुलाई तक स्पेशल अभियान भी चलाया जा रहा है। 

बैठक में श्रीमती मिश्रा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की भी गहन समीक्षा की। इसके अंतर्गत उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ नौनिहालों के सर्वांगीण विकास हेतु कार्य करने को कहा। इसके अंतर्गत उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र व कुपोषित बच्चों की संख्या की भी जानकारी ली। बैठक में उन्होंने नोनी सुरक्षा, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना सहित विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। 

Related Articles

Back to top button