
भिलाई में संदिग्ध हालात में युवक की मौत:घर में फंदे से लटका मिला शव, हत्या की आशंका; सुसाइड नोट में दो लोगों के नाम पुलिस जांच में जुटी
By Dinesh chourasiya
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 42 वर्षीय युवक मोहन रामटेक की संदिग्ध हालात में शव मिली है। घर में फंदे से लटका शव मिलने के बाद जहां पुलिस इसे आत्महत्या के एंगल से जांच रही है, वहीं मृतक के भाई नवीन रामटेके ने हत्या की आशंका जताई है। परिवार का कहना है कि शव पर चोट के निशान भी मिले हैं और सुसाइड नोट में दो लोगों के नाम सामने आए हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है।






जानकारी के अनुसार मोहन रामटेक पिछले करीब 3 महीनों से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था और पेंटिंग का काम करता था। शानिवार सुबह मकान मालिक को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर फंदे से लटका शव बरामद किया और सुसाइड नोट जब्त किया।
मृतक के भाई नवीन रामटेके ने बताया कि किसी से कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया था, लेकिन शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि मृतक की मां का भिलाई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था और शनिवार को उनका ऑपरेशन होना था, जिसके कारण परिवार के सभी लोग रात में अस्पताल में थे और घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान यह घटना हुई।




घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी, सुपेला थाना पुलिस, एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर और सीएसपी भिलाई नगर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और सुसाइड नोट को जांच के लिए जब्त किया है।
एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि युवक का शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। सुसाइड नोट और शरीर पर मिले चोट के निशानों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।
भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसमें कुछ नाम आए हैं जिसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट में आए नामों की भी पड़ताल की जा रही है।




