दुर्ग पुलिस ने संदिग्ध को किया गिरफ्तार:होटल में अपनी पहचान छिपाकर दूसरे के फर्जी आधार कार्ड से रह रहा था यूपी का युवक
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में पुलिस ने फर्जी पहचान पत्रों के जरिए ठहरने और संदिग्ध लोगों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के होटल और लॉज में नियमित जांच की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर होटल में ठहरे एक युवक पकड़ा है। यह मामला सिटी कोतवाली का है।







पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी को सिटी कोतवाली पुलिस ने शहर के होटल न्यू इंडिया में रह रहे लोगों की पहचान की जांच की। इसी दौरान कमरे नंबर 786 में रहने वाला एक युवक संदिग्ध पाया गया। जब उससे पहचान पत्र मांगा गया, तो उसने किसी और का आधार कार्ड दिखाया।

पूछताछ में बताया दूसरे का है आधार कार्ड पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो युवक ने माना कि उसका खुद का आधार कार्ड नहीं है और वह अपने पड़ोसी के आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल करके होटल में ठहरा था। उसने जानबूझकर अपनी असली पहचान छुपा कर किसी और की पहचान का इस्तेमाल किया।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली, दुर्ग में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुहेल चौधरी (20 वर्ष), पिता समसू चौधरी, निवासी चौकी गंदा नाला, उपरकोट, थाना कोतवाली नगर, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।




होटल संचालकों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई दुर्ग पुलिस ने इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया है कि जिले में फर्जी पहचान पत्र चलाने वालों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही पुलिस ने होटल, लॉज और धर्मशालाओं के संचालकों को भी सख्त कहा है कि वे अपने ग्राहकों के पहचान दस्तावेज ध्यान से जांचें, नहीं तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी।




