भिलाई में रेत भरे हाइवा ने बाइक सवारों को कुचला : 2 घायलों की हालत नाजुक, गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम,
By Dinesh chourasiya

उतई पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार सुबह 8.30 बजे खमरिया के पास की है। यहां एक रेत से भरा हाइवा CG 07 AZ 8659 जा रहा था। वह इतने स्पीड में था की आगे मोड़ पर गाड़ी कंट्रोल नहीं कर सका और सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गए।
खून से लथपथ हालत में अस्पताल में कराया भर्ती







हादसे की सूचना मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने डायल 112 में फोन करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को खून से लथपथ हालत दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी हालत गंभीर होने के बाद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया है।

ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद गुस्साए आसपास के ग्रामीणों ने रोड में बैठकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि विगत कई वर्षों से आसपास के रहवासियों द्वारा स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की जा रही है। इसके बाद भी उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों के आक्रोष को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बुलाया।





इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि एक दो दिन में ब्रेकर बना दिया जाएगा। ग्रामीणों ने उन्हें ज्ञापन दिया और चेतावनी दी कि यदि स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया तो वो लोग बड़ा चक्काजाम करेंगे।
अब तक 15 से अधिक हो चुके हादसे
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि यहां अंधा मोड़ होने से आए दिन सड़क दुर्घटना होती रहती है। उन्होंने कहा कि अब तक यहां 15 से ज्यादा हदसे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब यहां स्पीड ब्रेकर बनना जरूरी है। इसके लिए वो हर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।




