Uncategorized

रायपुर मेकाहारा से एक दिन का बच्चा चोरी : CCTV में आरोपी महिला और उसकी बेटी नवजात के साथ दिखी घंटेभर में पुलिस ने महिला को रेलवे स्टेशन से दबोचा

By Dinesh chourasiya

रायपुर के मेकाहारा से एक दिन का बच्चा चोरी हो गया। इस मामले में पुलिस ने घंटेभर के अंदर ही आरोपी महिला को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। वह बच्चे को चोरी कर बिलासपुर भागने की फिराक में थी। पुलिस को शक है कि महिला किसी बच्चा चोर गिरोह से है। इसके पहले भी वह ऐसे कांड कर चुकी है। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी पूछताछ कर रही है।

यह पूरा मामला मौदहापारा थाना इलाके का है। पुलिस को शनिवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब सूचना मिली कि मेकाहारा के डिलीवरी वॉर्ड से एक दिन का बच्चा चोरी हो गया है। खबर मिलते ही पुलिस अफसरों समेत थाने की टीम सक्रिय हो गई। मेकाहारा के सीसीटीवी कैमरे को खंगाल गया। इसमें एक महिला और एक लड़की नजर आई। लड़की के गोद में बच्चा था।

एक दिन का गुम हुआ बच्चा, अपनी मां के साथ गोद में।

2 मिनट में पकड़ने वाली थी ट्रेन

मौदहापारा पुलिस थाना प्रभारी यमन देवांगन फौरन पेट्रोलिंग टीम लेकर रेलवे स्टेशन रवाना हुई। वहीं मेकाहारा चौकी में तैनात एक टीम सीसीटीवी में महिला के भागने के रूट को फॉलो करने लगी। जब टीम रेलवे स्टेशन पहुंची तो महिला वहीं मौजूद थी।

प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर आरोपी महिला अपनी बेटी के साथ बच्चे को गोद में लेकर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। वह बिलासपुर की ओर भागने की फिराक में थी। आरोपी महिला रानी साहू 45 साल की है। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर लगने ही वाली थी इसके पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी महिला रानी साहू (45) की है। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर लगने वाली थी इसके पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

महिला ने बच्चे को गोद में भी खिलाया

जानकारी के मुताबिक, डिलीवरी के बाद प्रसूति वार्ड में आरंग थाना इलाके की नीता भर्ती थी। इधर आरोपी महिला ने खुद के बेटे को भी मेकाहारा में एडमिट करवाया था। इसके बाद वह लगातार अस्पताल में घूम कर बच्चा चोरी करने के लिए रेकी कर रही थी। शुक्रवार को जब नीता का बच्चा हुआ तो वह उसे लाड़ प्यार के बहाने गोद में खिलाने लगी।

इस दौरान नीता के घर वालों ने भी सावधानी नहीं बरती। परिजन ने नवजात बच्चे को अनजान महिला के हाथ में दे दिया। इसी बात का आरोपी महिला ने फायदा उठाया। पुलिस के पूछताछ में एक एंगल ये भी आ रहा है कि महिला ने खुद के बच्चे को भी प्रयागराज में बेचा है। हालांकि इस बात की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।

वार्ड में तैनात सुरक्षा गार्ड को हटाया गया

अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने वार्ड की सुरक्षा में हुई चूक के लिए वार्ड में तैनात सुरक्षा गार्ड को तत्काल हटा दिया है। साथ ही प्रसूति वार्ड में भर्ती सभी लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान या अपरिचित लोगों से मेल- जोल ना बढ़ायें।

Related Articles

Back to top button